भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को झारखंड के चररा और गढ़वा में थे। उन्होंने चररा में अपनी चुनावी प्रचार सभा में कम भीड़ देखकर नाराजगी दिखाई। शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभा में भीड़ कम है। इतनी कम भीड़ से चुनाव कैसे जीत पाओगे। आप मुझे बेवकूफ मत बनाइए, मैं भी बनिया हूं। सारा गणित मुझे भी आता है। यहां से घर जाकर 25-25 लोगों को फोन करें और उन्हें भाजपा को वोट देने को कहें। जिनके पास मोबाइल हैं, हाथ उठाएं। दरअसल, चररा की सभा में करीब 15 हजार लोग ही पहुंचे थे।
भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राम मंदिर मसले पर सुप्रीम कोर्ट में केस न चले, इसके लिए कांग्रेस रोड़े अटका रही थी। उन्होंने कहा- कश्मीर से धारा 370 और 35 ए को खत्म कर भाजपा ने पूरे देश से आतंकवाद को खत्म करने का श्रीगणेश कर दिया है। शाह गुरुवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए चतरा और गढ़वा में सभा संबोधित कर रहे थे।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस, झामुमो समेत अन्य पार्टियां झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ रहीं हैं। मैं झामुमो से पूछना चाहता हूं कि जब हेमंत बाबू अलग झारखंड के लिए लड़ रहे थे, उस वक्त कांग्रेस का स्टैंड क्या था? जब तक कांग्रेस की सरकार रही, झारखंड की रचना नहीं हुई। जब भाजपा की सरकार बनी और अटलजी प्रधानमंत्री बने तब उन्होंने झारखंड को बनाने का काम किया। नरेंद्र मोदी और रघुवरदास ने झारखंड को संवारने का काम किया है। कहा- आपका वोट झारखंड को प्रगति पर ले जाने के लिए है।
अब नक्सली की हिम्मत कि बारात पर हमला कर दे
शाह ने कहा- कांग्रेस और झामुमो की सरकारों ने करोड़ों रुपए का घोटाला किया। रघुवर सरकार के पांच साल में एक रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है। चतरा क्षेत्र नक्सलवाद प्रभावित था। भाजपा की सरकार के पहले गांव में आप बारात नहीं ले जा सकते थे। आज डंके की चोट पर रात 12 बजे बरात लेकर जाएं, किसी नक्सली की हिम्मत नहीं है कि वो बारात पर हमला कर दे।
लातेहर के शहीदों का खून व्यर्थ नहीं जाएगा
भाजपा सरकार ने नक्सलवाद को जमीन के 20 फीट अंदर गाढ़ने का काम किया है। 2014 में मोदी सरकार ने ओबीसी समाज को संवैधानिक सम्मान देने का काम किया। शाह ने लातेहर में शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी। कहा- शहीदों के परिवार से कहना चाहता हूं कि आपके बेटे का खून व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद को उखाड़कर रहेंगे।
खुले में शौच जाती थी महिलाएं, राहुल बाबा आपको शर्म आती थी?
चतरा में स्टील प्लांट प्रस्तावित है, जो यहां के युवाओं को रोजगार देगा। अगली बार वोट मांगने आउंगा, तो स्टील प्लांट तैयार दिखेगा। चतरा में 73 हजार 187 शौचालय बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। राहुल बाबा कहते थे कि भाजपा शौचालय बनाने के काम को विकास बताती है, राहुल बाबा जब माताओं-बहनों को खुले में जाना पड़ता है तो शर्म महसूस होती थी। राहुल बाबा आपने गरीबी देखी कहा हैं?
आकाश काे छूने वाला राम मंदिर बनेगा
कई साल से पूरे देश की जनता चाहती थी कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बने। कांग्रेस पार्टी ने कोर्ट में केस न चले इसके लिए रोड़े अटका रही थी। कांग्रेस के नेता कपिल सिब्बल कहते थे, 2019 के बाद इसे कोर्ट में मत चलाइए। ये चल भी गया और सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया। आकाश से छूता हुआ भव्य मंदिर अयोध्या में बनने जा रहा है। कांग्रेस इन समस्याओं का समाधान नहीं करते थे।
झामुमो और कांग्रेस ने झारखंड को भ्रष्टाचार के अलावे कुछ नहीं दिया
अमित शाह ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस के गठबंधन ने झारखंड को भ्रष्टाचार के अलावे कुछ नहीं दिया। अस्थिर सरकारों ने झारखंड का भला नहीं होता। जब-जब अस्थिर सरकार बनी, झारखंड का विकास नहीं हुआ। 2014 में स्थिर सरकार बनी झारखंड का विकास हुआ है। झारखंड विकास के रास्ते पर चला है। नक्सलवाद यहां के विकास में रोड़ा था। जहां अशांति है वहां विकास नहीं हो सकता। बंदूक के बल पर, बुलेट पर विकास नहीं होता। विकास बैलेट से होता है। भाजपा की सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त किया है और विकास का रास्ता प्रशस्त किया है।
भाजपा ने झारखंड को बनाया विकास का डेस्टिनेशन
अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने झारखंड को विकास का डेस्टिनेशन बनाया है। भाजपा सरकार में झारखंड में 7.3 विकास दर रही। सोरेन और कांग्रेस सरकार में जीडीपी माइनस में रहती थी। झारखंड में फिर से भाजपा आई तो पहला काम ओबीसी समाज को आरक्षण बढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। हेमंत और कांग्रेस पार्टी झारखंड के अंदर स्वार्थी गठबंधन बनाया है। गुरुजी ने पूरा जीवन झारखंड की मांग की। आज वे अस्वस्थ्य हैं... हेमंत सोरेन झारखंड के युवाओं पर गोली चलाने वाली कांग्रेस की गोदी में बैठकर मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। सोनिया-मनमोहन की सरकार ने 13वें वित्त आयोग में झारखंड को 55 हजार 253 करोड़ रुपए दिया। मोदी सरकार आई.. 2014 से 2019 तक भाजपा सरकार ने तीन लाख आठ हजार 490 करोड़ रुपए झारखंड को किया।